उपचुनाव: CM नीतीश का चुनाव प्रचार अभियान कल से शुरू 
 

 

बिहार की 2 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी प्रचार करेंगे। इन दोनों सीटों पर जदयू के उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के खेत मैदान में पहली चुनावी जनसभा को कल संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद तारापुर में उनकी दूसरी चुनावी जनसभा है। 

मुख्यमंत्री की पहली चुनावी जनसभा सुबह 11:45 बजे कुशेश्वरस्थान प्रखंड के धौलिया में आयोजित होगी जबकि कुशेश्वरस्थान के बाद उनकी दूसरी जनसभा तारापुर विधानसभा क्षेत्र के ईदगाह मैदान गाजीपुर में दोपहर 1:45 बजे से होगी। दोनों ही सीटों पर वह पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह चुनावी दौरा हेलीकॉप्टर के जरिए होगा। ऐसे में नीतीश कुमार के चुनावी दौरे से माहौल किस हद तक बदलेगा इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

बता दें, यह दोनों ही सीट जदयू के कब्जे वाली सीट है। पूर्व में कुशेश्वरस्थान से जदयू के शशिभूषण हजारी विधायक थे। वहीं तारापुर विधानसभा सीट से मेवालाल चौधरी विधायक थे। इन दोनों ही विधायकों के मृत्यु के बाद यह सीट खाली हो गई। वहीं एक बार फिर जदयू ने इन दोनों सीट से अपना उम्मीदवार उतारा है। जहां एक ओर तारापुर विधानसभा सीट से राजीव कुमार सिंह को चुना है, वहीं दूसरी ओर कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट के लिए अमन हजारी का चयन किया गया है।

बिहार उपचुनाव: NDA की ओर से राजीव सिंह और अमन हजारी ने किया नामांकन- https://newshaat.com/bihar-local-news/bihar-byelections-rajiv-singh-and-aman-hazari-filed/cid5408169.htm