विश्वेश्वरैया जयंती पर CM सम्राट चौधरी और राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

 

Bihar news: भारत रत्न और महान अभियंता डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन परिसर में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. विश्वेश्वरैया की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया नमन

समारोह के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने डॉ. विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी और विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर देश के महान अभियंता और भारत रत्न डॉ. विश्वेश्वरैया को श्रद्धापूर्वक याद किया।

भजन से राष्ट्रगान तक, कलाकारों ने बांधा समां

राजकीय समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत आरती-पूजन से हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए।

समारोह में मौजूद लोगों ने डॉ. विश्वेश्वरैया के राष्ट्र निर्माण और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में दिए योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।