भागलपुर पहुंचे CM सम्राट चौधरी, विक्रमशिला सेतु के बेली ब्रिज का लिया जायजा, करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास

 
Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उनके स्वागत में एनडीए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का उत्साह देखने लायक था। दोपहर करीब 1:57 बजे भागलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं और नारों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा। यहां उन्होंने हाल ही में तैयार किए गए बेली ब्रिज का निरीक्षण किया और पुल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य, ट्रैफिक व्यवस्था और पुल की क्षमता को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पुल पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और यातायात व्यवस्था लगातार मॉनिटर की जाए।

करीब आधे घंटे तक निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं को भागलपुर के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य सुविधाओं और श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को भागलपुर के विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई गति देने वाला अहम दौरा माना जा रहा है। खासकर विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज से लोगों को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।