Today's Bihar Weather Report: बिहार में ठंड का असर हल्का, लेकिन घना कोहरा करेगा परेशान
Today's Bihar weather Report: बिहार में कड़ाके की ठंड से लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन सुबह और रात के समय घना कोहरा अब भी परेशानी का कारण बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे की वजह से खासकर तड़के सुबह सड़कों पर दृश्यता कम रहने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 जनवरी के बाद ठंड में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके पहले अगले चार दिनों तक कोहरे का असर बना रह सकता है।
अगले 7 दिन तक रात में ठंड का असर
पिछले 24 घंटे में बिहार के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राज्य का सबसे ठंडा इलाका भागलपुर का सबौर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले सात दिनों तक रात में ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। इस दौरान भीषण ठंड पड़ने की संभावना कम है और तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।
कोहरे की वजह से रातें ठंडी
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण रात में तापमान गिर रहा है। इसी वजह से सुबह के समय कोहरा छा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने तक कोहरा और रात की ठंड जारी रहने की संभावना है।
राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच बना हुआ है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से ठंड का असर कम होगा।
कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। फिलहाल मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, रोहतास और बक्सर सहित पश्चिमी बिहार के कई इलाकों में कोहरा ज्यादा है।
वहीं पटना, गया और भागलपुर सहित पूर्वी और दक्षिण-मध्य बिहार में कोहरे का असर थोड़ा कम देखा जा रहा है। जिन जिलों में कोहरा ज्यादा है, वहां येलो अलर्ट लागू किया गया है।
19 और 20 जनवरी का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार,
• 19 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल को छोड़कर लगभग पूरे बिहार में घना कोहरा छा सकता है।
• 20 जनवरी को कोहरा मुख्य रूप से पूर्वी बिहार तक सिमट सकता है। किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और जमुई सहित 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
21 से 24 जनवरी के बीच किसी तरह की चेतावनी नहीं है, जिससे उम्मीद है कि कोहरे से धीरे-धीरे राहत मिलेगी।