72वीं BPSC परीक्षा को लेकर आयोग का बड़ा फैसला, CCTV, जैमर और बायोमेट्रिक निगरानी होगी पहले से ज्यादा सख्त

Patna: आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और जांच से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इनके तहत अब हर 15 मिनट पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की कार्यशीलता की जांच की जाएगी. इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर विशेष वीक्षकों की तैनाती होगी.
 

Patna: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है. आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और जांच से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इनके तहत अब हर 15 मिनट पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की कार्यशीलता की जांच की जाएगी. इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर विशेष वीक्षकों की तैनाती होगी.

हर 15 मिनट में होगी CCTV और जैमर की निगरानी

नई व्यवस्था के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और जैमर नियमित रूप से जांचे जाएंगे। हर 15 मिनट पर इनकी स्थिति का रिकॉर्ड (लॉग) तैयार किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी. यदि कोई कैमरा या जैमर बंद या खराब मिलता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन और आयोग को देनी होगी.

परीक्षा से 14 घंटे पहले भेजी जाएगी कर्मियों की सूची

आयोग ने यह भी तय किया है कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात जांच कर्मियों की सूची परीक्षा शुरू होने से लगभग 14 घंटे पहले संबंधित जिला प्रशासन और केंद्राधीक्षकों को उपलब्ध कराई जाएगी. इससे अंतिम समय में किसी तरह के बदलाव या अनियमितता की संभावना कम होगी.

जांच कर्मियों पर भी रहेगी सख्ती

नई गाइडलाइन के मुताबिक, जांच कर्मियों की भी परीक्षार्थियों की तरह सघन जांच होगी. एक बार परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद उन्हें परीक्षा समाप्त होने तक बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही सभी उपकरणों का विवरण, जैसे डिवाइस नंबर, मॉडल नंबर और कंपनी का नाम, आयोग को उपलब्ध कराना होगा.

बायोमेट्रिक सत्यापन और कंट्रोल यूनिट

आयोग ने बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था को भी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कंट्रोल यूनिट स्थापित होगी, जिसकी निगरानी केंद्राधीक्षक करेंगे. बायोमेट्रिक, सीसीटीवी और जैमर से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएंगे.

26 जुलाई को होगी परीक्षा

BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एक पाली में आयोजित की जाएगी. आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.