वकालत के 50 साल पूरे: कैट पटना में वरिष्ठ अधिवक्ता जी.के. अग्रवाल का भव्य सम्मान, तालियों से गूंजा सभागार

 
Bihar News: पटना स्थित सेंट्रल ऐडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) में उस समय भावुक और गौरवपूर्ण माहौल बन गया, जब वरिष्ठ अधिवक्ता G. K. अग्रवाल के वकालत के 50 वर्ष पूरे होने पर उनका विशेष सम्मान किया गया। आधी सदी तक कानून के क्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने वाले अग्रवाल के सम्मान में आयोजित समारोह ने पूरे सभागार को गर्व और खुशी से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कैट पटना के अध्यक्ष M. P. दीक्षित ने उन्हें माला, शॉल, बुके और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। जैसे ही उन्हें सम्मानित किया गया, सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा और उपस्थित अधिवक्ताओं व गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाइयों से सराबोर कर दिया।

समारोह में मौजूद अधिवक्ताओं ने कहा कि जी.के. अग्रवाल ने अपने लंबे करियर में कई महत्वपूर्ण मामलों में अपनी दमदार दलीलों और कानून की गहरी समझ से न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी सादगी और पेशे के प्रति समर्पण उन्हें कानून की दुनिया में एक आदर्श व्यक्तित्व बनाता है।

इस अवसर पर अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने भी अग्रवाल को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल का संघर्ष और सफलता नई पीढ़ी के वकीलों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

गौरतलब है कि G. K. अग्रवाल ने 9 मार्च 1976 को वकालत के पेशे में कदम रखा था और तब से लेकर आज तक उन्होंने अपने ज्ञान और अनुभव के दम पर विधिक क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है।

इस सम्मान समारोह में नरेंद्र कुमार, कुमार राजेश चंद्र, K. N. सिंह, तारकेश्वर नाथ ठाकुर और हरेंद्र प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अग्रवाल की पत्नी गायत्री अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिससे यह सम्मान समारोह उनके लिए और भी यादगार बन गया।