कांग्रेस नेता सैयद कैसर आलम रिज़वी का बड़ा एलान: जहानाबाद में वृद्धाश्रम और स्कूल के लिए एक बीघा ज़मीन दान!
Jahanabaad: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैयद कैसर आलम रिज़वी ने मानवीय पहल का एक बड़ा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने जिले के असहाय बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए एक बीघा जमीन दान करने की घोषणा की है। इस जमीन पर वृद्धाश्रम और सातवीं से बारहवीं तक का स्कूल बनाया जाएगा।
गरीब बच्चों की पढ़ाई बीच में न छूटे, यही है मकसद
रिज़वी का कहना है कि जहानाबाद के कई बच्चे सातवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं, क्योंकि आगे की शिक्षा के लिए न तो साधन हैं और न ही स्कूल। इसी कमी को दूर करने के लिए उन्होंने ऐसा स्कूल बनाने की योजना बनाई है जहाँ आसपास के बच्चों को बेहतर और सुलभ शिक्षा मिल सके।
असहाय बुजुर्गों की हालत देख भावुक हुए नेता
उन्होंने बताया कि कई लाचार वृद्ध लोग देखभाल के अभाव में परेशान रहते हैं। इन बुजुर्गों को सुरक्षित रहने की जगह और चिकित्सीय सुविधा देने के लिए जिले में एक आधुनिक वृद्धाश्रम की जरूरत है, जिसे वे अपने दादा की स्मृति में बनवाना चाहते हैं।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आता है रिज़वी का जुड़ाव
सैयद कैसर आलम रिज़वी ने बताया कि उनके दादा हकीम सैयद तल्लुफ हुसैन और पिता, दोनों ही स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहे।
• उनके दादा वर्ष 1922 में कांग्रेस के 27वें अधिवेशन में शामिल हुए थे।
• 1947 में महात्मा गांधी के जहानाबाद आगमन पर वे उनके घर तक पहुंचे थे।
• स्वतंत्रता के बाद उनके पिता को स्वतंत्रता सेनानी पेंशन मिला और 1972 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया।
80 लाख से 1 करोड़ की जमीन दान ने खींचा ध्यान
रिज़वी ने बताया कि सदर प्रखंड के किनारी पंचायत के सलेमापुर स्थित अपने ancestral मकान के पास की एक बीघा जमीन, जिसकी मार्केट वैल्यू 80 लाख से 1 करोड़ के बीच आंकी गई है, वे समाजहित में दान करने को तैयार हैं। निर्माण के लिए उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ईमेल कर आर्थिक सहयोग की मांग भी की है।
कांग्रेस की कमजोर स्थिति पर साधा निशाना
बिहार में कांग्रेस की कमजोर हालत पर उन्होंने राज्य नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी को ‘इधर से उधर आने वालों’ और बार-बार दल बदलने वालों को टिकट देने की प्रवृत्ति से बचना चाहिए। रिज़वी वर्ष 1980 से कांग्रेस किसान मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में लगातार कार्यरत हैं।