गया में इंदिरा गांधी की प्रतिमा का भव्य अनावरण, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़
गया। शहर के प्रमुख टावर चौक स्थित भारत की प्रथम महिला पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। प्रतिमा का अनावरण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अवधेश सिंह एवं कांग्रेस नेता मोहन श्रीवास्तव ने विधिवत रूप से किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस सेवादल के अमित कुमार उर्फ रिंकू ने किया।
अनावरण समारोह में गया नगर निगम के मेयर गणेश पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, पूर्व डिप्टी मेयर सह कांग्रेस नेता अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद यादव, कांग्रेस नेता धर्मेंद्र कुमार निराला तथा युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विशाल कुमार सिन्हा विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अवधेश सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की ऐसी नेता थीं जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्र को मजबूत नेतृत्व दिया। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और 1971 के युद्ध में ऐतिहासिक जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी का योगदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उनकी प्रतिमा युवाओं को राष्ट्रसेवा और साहसिक नेतृत्व की प्रेरणा देती रहेगी।
कांग्रेस नेता मोहन श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि इंदिरा गांधी न केवल कांग्रेस की बल्कि पूरे देश की नेता थीं। उन्होंने गरीब, किसान और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए जो कार्य किए, वह आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।