गया में NEET पेपर लीक और परीक्षा घोटालों पर कांग्रेस का सत्याग्रह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की उठाई मांग

 

Gaya: नीट पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर शनिवार को गया में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ सत्याग्रह किया। स्थानीय चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से बर्खास्त करने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम अपना विरोध दर्ज कराया।

सत्याग्रह कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की। इस दौरान बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, अमित कुमार उर्फ रिंकू सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, दामोदर गोस्वामी, सैफुल इस्लाम, मदीना खातून, शौकत नवाब अली, रंजीत सिंह, ओंकार शक्ति, अर्जुन गुप्ता, चंदन कुमार महतो, शंभू शर्मा, बबलू कुमार, परशुराम सिंह, मनोज मालाकार, सोहराब खान, शिवनाथ प्रसाद, विनोद श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न मांगों और नारों वाले पोस्टर लेकर घंटों सत्याग्रह पर बैठे रहे।


सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और कथित भ्रष्टाचार की घटनाओं से देशभर के छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री की है, इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए।


वक्ताओं ने कहा कि छात्र-युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई करने तथा केंद्र सरकार से छात्रों से माफी मांगने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने "छात्र-युवा नहीं झुकेगा, राहुल नहीं रुकेगा" सहित विभिन्न नारे लगाए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि 25 जुलाई 2026 को गया जिले के सभी 24 प्रखंड मुख्यालयों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनकी बर्खास्तगी की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी रखा जाएगा।