“अपराधियों की कोई जाति नहीं, कानून तोड़ने वालों पर चलेगी गोली”- मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान

 
Bihar News: बिहार के आरा जिले के जगदीशपुर पहुंचे बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कानून-व्यवस्था और राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि एनडीए सरकार में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई उनकी जाति देखकर नहीं, बल्कि उनके अपराध देखकर की जाती है।

मंत्री ने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित है और जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। जो कानून तोड़ेगा, उस पर पुलिस की गोली चलेगी।”

विकास कार्यों की समीक्षा, मोबाइल पर दिखाए आंकड़े

जगदीशपुर दौरे के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में “न्याय के साथ विकास” की नीति पर तेजी से काम हो रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने अपने मोबाइल फोन पर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े आंकड़े भी दिखाए। उन्होंने दावा किया कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ योजनाओं को जमीन पर उतार रही है और जनता तक उसका लाभ पहुंचाया जा रहा है।

तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार

मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव के उस आरोप पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने सरकार पर जाति विशेष को निशाना बनाकर एनकाउंटर करने का आरोप लगाया था।

भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि अगर कोई यह कहता है कि केवल एक ही जाति के लोग अपराध करते हैं, तो यह बेहद गलत सोच है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों की पहचान जाति से नहीं, उनके कृत्य से करती है।

“आरजेडी सत्ता में वापसी का सपना छोड़ दे”

आरजेडी पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता अब जात-पात की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि एनडीए विकास और काम के आधार पर जनता के बीच जाती है, जबकि विपक्ष सिर्फ आरोप लगाने की राजनीति करता है।

उन्होंने दावा किया कि जनता ने नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है और आरजेडी को सत्ता में वापसी के सपने छोड़ देने चाहिए।