बिहार में अपराधियों की खुलेआम दबंगई, महिला दुकानदार के यहां अपना रौब दिखाकर की मारपीट, ना कोई डर ना कोई शासन...
Patna: विरोध करने पर दबंगों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया, ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके. हालांकि पूरी घटना दुकान में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई...
Jan 24, 2026, 19:54 IST
Patna: बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके कहे जाने वाले बोरिंग रोड में दबंगों की दबंगई सामने आई है. यहां एक महिला दुकानदार के साथ मारपीट की गई, वहीं दुकान के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
इतना ही नहीं, अपार्टमेंट परिसर में लगे बोर्ड को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पटना में दबंगों का तांडव : पीड़िता शास्त्री नगर की रहने वाली मीरा कुमारी हैं, जो बोरिंग रोड में अपनी दुकान चलाती हैं. शुक्रवार को कुछ असामाजिक तत्व एक गाड़ी से वहां पहुंचे और अचानक मीरा कुमारी के साथ मारपीट शुरू कर दी.
विरोध करने पर दबंगों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया, ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके. हालांकि पूरी घटना दुकान में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
'आग लगाने की दी गई धमकी' : घटना के बाद डरी-सहमी मीरा कुमारी ने पत्रकारों से बात करते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की. उन्होंने कहा कि जब खुलेआम इस तरह दबंगों द्वारा महिलाओं को प्रताड़ित किया जाएगा तो हम महिलाएं अपनी दुकान और रोजगार कैसे चला पाएंगी?
''असामाजिक तत्वों ने मुझे और मेरे परिवार को धमकी दी है कि अगर दुकान खाली नहीं की गई तो दुकान के साथ-साथ हमें भी आग लगा देंगे. इस धमकी के बाद से उनका पूरा परिवार भय और तनाव में है.''- मीरा कुमारी, पीड़िता
जांच में जुटी पुलिस : इधर, मामले की सूचना मिलने पर श्री कृष्णा पुरी थाना की पुलिस ने पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वहीं घटना की जांच के लिए सचिवालय डीएसपी साकेत कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
''सीसीटीवी फुटेज पुलिस को प्राप्त हो चुका है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस उस गाड़ी की भी तलाश में जुटी है, जिस पर सवार होकर असामाजिक तत्व घटनास्थल पर पहुंचे थे. जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.''- साकेत कुमार, सचिवालय डीएसपी
स्थानीय लोगों में आक्रोश : इस घटना ने एक बार फिर राजधानी के पॉश इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे इलाकों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आम इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है.