बिहारशरीफ में रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 25 कंपनियों ने लगाया कैंप; 1000 से ज्यादा नौकरियों की उम्मीद
Bihar news: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए मंगलवार को बिहारशरीफ का जिला नियोजन कार्यालय परिसर खास मौका लेकर आया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित ‘नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला’ में दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। सुबह से ही परिसर में युवाओं की भीड़ जुटी रही और अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल पर नौकरी के लिए इंटरव्यू का सिलसिला चलता रहा।
25 कंपनियों ने लिया युवाओं का इंटरव्यू
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों ने 25 स्टॉल लगाए। यहां पहुंचे अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी कौशल और अनुभव के आधार पर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इंटरव्यू लिया।
चयन प्रक्रिया के दौरान योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। मेले का उद्देश्य युवाओं को एक ही जगह पर अलग-अलग कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
तीन साल में 11वां रोजगार मेला
मेले का उद्घाटन सूचना एवं जनसंपर्क सह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान दोनों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि नालंदा जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान अब तक 11 नियोजन मेलों का आयोजन किया जा चुका है। मंगलवार के मेले से भी एक हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई।
बिहार में नौकरी मिले तो बेहतर, बाहर के अवसर भी न छोड़ें युवा
मंत्री श्रवण कुमार ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की कोशिश है कि बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। हालांकि उन्होंने युवाओं से यह भी कहा कि अगर राज्य के बाहर उनकी योग्यता के मुताबिक बेहतर नौकरी या करियर का मौका मिलता है, तो उन्हें उसे भी अपनाने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमता और कौशल के हिसाब से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
नौकरी के साथ करियर की सही दिशा देने पर भी जोर
यह आयोजन सिर्फ तत्काल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा। मेले में युवाओं को व्यवसायिक मार्गदर्शन भी दिया गया, ताकि वे अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के मुताबिक करियर का चुनाव कर सकें।
सरकार की ओर से रोजगार के साथ कौशल विकास और सही करियर मार्गदर्शन को भी युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी आशिफ बकास, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी मनीष कुमार, पंकज यादव समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।