बिहार में मौसम का ‘खतरनाक यू-टर्न’! 40°C की गर्मी के बीच आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो गया है।
24 घंटे में बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में ज्यादा खतरा
उत्तर और पश्चिम बिहार के जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, कैमूर और बक्सर में विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और कच्चे मकानों को नुकसान का खतरा बना हुआ है।
दिन में तपिश, शाम को राहत
सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि शाम होते-होते मौसम सुहावना हो जा रहा है। तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आ रहा है।
किसानों के लिए चिंता बढ़ी
हाल ही में आई आंधी-बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेहूं, मक्का और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं, वहीं आम के पेड़ों से टिकोले झड़ने लगे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, लो प्रेशर बेल्ट और जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से यह अस्थिर स्थिति बनी हुई है।