खराब मौसम ने दरभंगा एयरपोर्ट को किया ठप, दो दिनों में 2500 यात्रियों की उड़ानें रद्द, बढ़ा आक्रोश

 

Darbhanga News: खराब मौसम ने दरभंगा एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं को लगातार दूसरे दिन भी बुरी तरह प्रभावित किया। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। बीते दो दिनों में करीब ढाई हजार यात्रियों की हवाई यात्रा पर ब्रेक लग गया, जिससे एयरपोर्ट पर निराशा और असंतोष का माहौल बना रहा।

शुक्रवार को हालात इतने खराब रहे कि दरभंगा एयरपोर्ट से एक भी उड़ान संचालित नहीं हो सकी। शनिवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई। इंडिगो और अकासा एयर की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि स्पाइसजेट की सिर्फ दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक फ्लाइट ही उड़ान भर सकी।

चार जोड़ी उड़ानें रद्द, 1200 से ज्यादा यात्री प्रभावित

शनिवार को स्पाइसजेट की मुंबई-दरभंगा उड़ान निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले पहुंची, वहीं दिल्ली-दरभंगा फ्लाइट भी तय समय से पहले लैंड हुई। हालांकि, चार जोड़ी उड़ानें रद्द होने से 1240 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। एयरलाइंस की ओर से समय रहते मोबाइल संदेश और सूचना बोर्ड के जरिए जानकारी दिए जाने से एयरपोर्ट पर भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति कुछ हद तक संभली रही।

यात्रियों का फूटा गुस्सा

इसके बावजूद यात्रियों में नाराजगी साफ नजर आई। कई यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाए। यात्री मनोज पोद्दार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह से रात तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, लेकिन न तो उचित जानकारी दी गई और न ही खाने-पीने की कोई व्यवस्था की गई। वहीं, अभिषेक कुमार ने कहा कि उनकी फ्लाइट अचानक कैंसिल कर दी गई, अगर पहले सूचना मिलती तो वे वैकल्पिक इंतजाम कर लेते।

कोलकाता डायवर्ट हुई फ्लाइट

खराब मौसम का असर इतना ज्यादा रहा कि हैदराबाद से दरभंगा आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, सभी यात्रियों को सुरक्षित वापस हैदराबाद भेजा गया और वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

लगातार बिगड़ते मौसम के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन अनिश्चित बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी यात्रियों को सतर्क रहने और यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि करने की सलाह दी जा रही है।