Darbhanga News: राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान ने दरभंगा की दिवंगत महारानी कामसुन्दरी साहिबा को दी श्रद्धांजलि, शिक्षा व समाज सेवा के योगदान को बताया प्रेरणादायक

 

Darbhanga News: बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान मंगलवार को दरभंगा पहुंचे और दरभंगा राजघराने की दिवंगत महारानी कामसुन्दरी साहिबा को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे कल्याणी निवास पहुंचे, जहां उन्होंने महारानी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त राजपरिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

मंगलवार को ही महारानी कामसुन्दरी साहिबा का अंतिम श्राद्धकर्म संपन्न हुआ था। इस अवसर पर राज्यपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दरभंगा राजपरिवार का शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह राजघराना वर्षों से शिक्षा के प्रसार और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।

राज्यपाल ने बताया कि अपने छात्र जीवन के दौरान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पढ़ाई के समय उन्हें दरभंगा राजघराने को करीब से जानने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि राजपरिवार की सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

इस मौके पर महारानी के पौत्र कुमार कपिलेश्वर सिंह और कुमार राजेश्वर सिंह ने कहा कि स्वयं राज्यपाल का श्रद्धांजलि देने आना राजपरिवार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि महामहिम ने शिक्षा के क्षेत्र में आगे भी योगदान जारी रखने के लिए उन्हें प्रेरित किया है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान राजपरिवार के सदस्य, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत महारानी के योगदान को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।