पैसों की कमी से अस्पताल में फंसी गरीब परिवार की बेटी, विधायक आलोक सिंह ने चुकाया पूरा बिल; बच्ची को कराया डिस्चार्ज
बिहार के दिनारा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल पेश करती है। आर्थिक तंगी के कारण पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद फंसी गरीब परिवार की बेटी की मदद के लिए दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह आगे आए। उन्होंने अस्पताल का पूरा बकाया बिल अपनी ओर से जमा कराया और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल से डिस्चार्ज करवाया।
दरअसल, यह पूरा मामला दिनारा विधानसभा क्षेत्र के भड़सरा गांव का है। गांव के रहने वाले वीरेंद्र साह की बेटी काजल कुमारी की तबीयत बीते 18 तारीख को अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद परिजन 21 तारीख को बेहतर इलाज के लिए उसे पटना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान बच्ची के अपेंडिक्स में संक्रमण और मवाद होने की बात सामने आई। स्थिति को देखते हुए उसी दिन शाम को उसका ऑपरेशन किया गया।
लेकिन इलाज के बाद परिवार के सामने एक बड़ी परेशानी खड़ी हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्ची के पिता इलाज के लिए पैसों का इंतजाम करने सूरत चले गए, जबकि मां अस्पताल में रहकर बेटी की देखभाल कर रही थीं। इसी बीच अस्पताल का बकाया बिल जमा नहीं होने के कारण परिवार की मुश्किलें बढ़ गईं।
परिजनों का आरोप था कि पैसों की कमी के चलते बच्ची की दवा, ड्रेसिंग और समुचित देखभाल भी प्रभावित हो रही थी। ऐसे में बच्ची की मां ने दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह से मदद की गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने तुरंत पहल की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की और खुद अस्पताल पहुंचकर काजल तथा उसकी मां से मुलाकात की। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों से बात कर इलाज की पूरी बकाया राशि का भुगतान अपने स्तर से कराया। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्ची को अस्पताल से डिस्चार्ज भी करवा दिया गया।
इस दौरान विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि दिनारा विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके परिवार की तरह है। परिवार के किसी भी सदस्य पर संकट आएगा तो वे हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने निजी अस्पताल संचालकों से भी अपील की कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए। पैसों की कमी के कारण किसी भी मरीज की दवा, इलाज और देखभाल प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र का कोई भी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके पास आ सकता है। उसके सम्मान, अधिकार और न्याय के लिए वे हरसंभव मदद करने का प्रयास करेंगे।
फिलहाल, विधायक की पहल से काजल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए यह मदद किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।