बिहार की फिज़ा में सर्दी का पहरा बरकरार, 15 ज़िलों में घने कोहरे का अलर्ट, 20 जनवरी के बाद फिर बढ़ेगी ठिठुरन
Bihar weather report: बिहार में ठंड से फिलहाल राहत के कोई ठोस संकेत नहीं दिख रहे हैं। मौसम का मिज़ाज अब भी सर्द बना हुआ है और सुबह के वक्त घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 15 ज़िलों के लिए घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। तड़के कुहासे की मोटी परत सड़कों, खेतों और रिहायशी इलाकों को ढक लेती है, जिससे दृश्यता घट रही है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल कमजोर पड़ा है, लेकिन 18 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से 20 जनवरी के बाद ठंड में दोबारा बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे ठंड का असर और तीखा हो सकता है।
हवा की रफ्तार धीमी होने और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण सुबह-सवेरे घना कोहरा छा रहा है। हालांकि दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जा रहा है और तेज धूप निकल रही है। इसी वजह से अधिकतम तापमान में इजाफा दर्ज किया जा रहा है और दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होने लगता है, लेकिन रात और सुबह की सर्द हवा अभी भी लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही स्वरूप बना रहेगा, सुबह घना कुहासा और दिन में खिली धूप। न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना तो नहीं है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड से पूरी राहत भी नहीं मिलेगी।
राजधानी पटना में भी यही हालात बने हुए हैं। यहां सुबह कोहरे का असर साफ नजर आता है, जबकि दिन में तेज धूप खिलती है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है।
प्रदेश के 18 ज़िलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। भागलपुर के सबौर में सबसे कम 5.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। औरंगाबाद में 7.1, जीरादेई में 7.3, गया में 7.5 और समस्तीपुर में 7.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। वहीं डेहरी, सासाराम और बक्सर में 8.0, मधेपुरा व भागलपुर में 8.1, वाल्मीकिनगर में 8.4, छपरा में 8.5 और मधुबनी में 8.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आपको बता दें कि बिहार की फिज़ा में ठंड का असर अभी कायम है। दिन की धूप थोड़ी राहत जरूर दे रही है, लेकिन कुहासा और सर्द हवा आने वाले दिनों में भी लोगों की परीक्षा लेते रहेंगे।