14.78 करोड़ से संवरा भोजपुर का देव सूर्य मंदिर, CM सम्राट चौधरी ने किया विकास कार्यों का उद्घाटन
भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देव सूर्य मंदिर को अब नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंदिर परिसर में कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के तहत पर्यटन विभाग की ओर से इस योजना को पूरा कराया गया है। इसके लिए कुल 14.78 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।
इस अवसर पर भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, तरारी विधायक विशाल प्रशांत, सहायक समाहर्ता, पीरो के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
देव सूर्य मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण के तहत श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए हैं। इनमें जी+1 सामुदायिक भवन, मंदिर परिसर की चहारदीवारी, तालाब में सीढ़ियों का निर्माण और तालाब के चारों ओर पाथवे का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा पाथवे पर रेड सैंड स्टोन लगाया गया है। मंदिर परिसर में नए पाथवे का निर्माण, पौधारोपण और मुख्य सड़क के समीप भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। इन कार्यों से मंदिर परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा।
द्वापर युग से जुड़ा है मंदिर का इतिहास
देव सूर्य मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व काफी पुराना है। उपलब्ध ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, मंदिर का निर्माण द्वापर युग के राजा वरुण तथा चौथी से छठी शताब्दी के बीच गुप्त वंश के शासनकाल से जुड़ा बताया जाता है।
मंदिर परिसर में काले पत्थर और बलुआ पत्थर से निर्मित भगवान सूर्य की छोटी-बड़ी 12 मूर्तियों समेत करीब 100 प्राचीन मूर्तियां मौजूद हैं। इनमें कुछ मूर्तियां खंडित अवस्था में हैं, जबकि कई आज भी सुरक्षित हैं। यह मंदिर भोजपुर की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंदिर परिसर में विकास और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही देव सूर्य मंदिर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। उम्मीद है कि इन सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भोजपुर जिले की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।