धनतेरस आज... 9 लाख का टीवी और 4 लाख का फ्रिज बिकेगा, 10000 गाड़ियों की डिलीवरी होगी
दीपोत्सव से पहले धनतेरस को लेकर पटना के बाजारों में जबर्दस्त रौनक है। मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए बाजार सज-धज कर तैयार हैं। ऑटोमोबाइल, सर्राफा, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और होम डेकोर... सभी सेक्टरों में पिछले कई दिनों से चल रही एडवांस बुकिंग शुक्रवार को डिलीवरी में तब्दील होगी।
व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार पटना में कारोबार के पुराने रिकॉर्ड टूट जाएंगे। गुरुवार को ही बोरिंग रोड, फ्रेजर रोड, कंकड़बाग, डाकबंगला चौराहा, हथुआ मार्केट, खेतान मार्केट, राजा बाजार, कदमकुआं और बेली रोड में गोला रोड मोड़ से सगुना मोड़ तक सुबह से देर रात तक उत्सव जैसा माहौल रहा।
धनतेरस पर भीड़ और जाम से निपटने के लिए प्रतिष्ठानों ने विशेष समय तय किया है। ऑटोमोबाइल शोरूमों में सुबह 5-6 बजे से ही गाड़ियों की डिलीवरी शुरू हो जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स और ज्वेलरी शोरूम सुबह 8-9 बजे खुलकर देर रात 11-12 बजे तक चलेंगे। बर्तन और सजावटी सामान के बाजार भी मध्य रात तक गुलजार रहेंगे
कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस पर राज्यभर के शोरूम से 45 हजार से अधिक स्कूटी बाइक, 8,000 से अधिक फोर व्हीलर और 5,000 से अधिक ई-रिक्शा एवं ऑटो की डिलीवरी होगी। त्योहार पर नई गाड़ी घर लाने की चाह में ग्राहकों ने 20 दिन पहले से ही बुक करा लिया था। कंकड़बाग, फुलवारी, राजाबाजार, बोरिंग रोड राजेंद्रनगर, अशोक राजपथ, पटना सिटी और दानापुर समेत शहर के तमाम प्रमुख इलाकों में स्थित टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर शोरूम में बुकिंग हाउसफुल हो चुकी है। शोरूम मालिकों के अनुसार, सुबह 8 बजे से ही ग्राहकों को वाहनों की चाबी सौंपने का सिलसिला शुरू कर दिया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा।