मैरीन ड्राइव से जुड़ेगा दीघा वेंडिंग जोन, 250 दुकानदारों को मिलेगी जगह
इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में लगभग 59.71 लाख रुपये की लागत से आधारभूत सुविधाएं तैयार की जायेगी, ताकि निर्धारित समय तक दुकानदारों को वहां स्थानांतरित किया जा सके। इसके बाद दूसरे चरण में 2.96 करोड़ रुपये की लागत से वेंडिंग जोन का व्यापक विकास किया जाएगा, जिसे छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दूसरे चरण में पीसीसी सड़क और पेवर ब्लॉक बिछाने पर करीब 1.39 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं भूमिगत नाले, हाई मास्ट लाइट और अन्य विकास कार्यों पर 1.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए दानापुर अंचलाधिकारी द्वारा नगर निगम को एनओसी भी मिल चुकी है, जिससे निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
दीघा गोलंबर से सूर्य मंदिर जाने वाली सड़क के किनारे विकसित हो रहे इस वेंडिंग जोन में दुकानदारों और ग्राहकों के लिए पार्किंग, शौचालय, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, इसे मैरीन ड्राइव और गंगा तट से जोड़ने के लिए 16 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने की भी योजना है। इस पहल से जहां फुटपाथी दुकानदारों को स्थायी स्थान मिलेगा, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है।