एक्शन मोड में दिलीप जायसवाल! पदभार संभालते ही अफसरों को चेतावनी- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 
Bihar news: बिहार सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ संदेश दे दिया कि विभाग में लापरवाही और मनमानी अब नहीं चलेगी। अधिकारियों के साथ पहली बैठक में ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर किसी स्तर पर गलती या लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पदभार संभालने के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में दिलीप जायसवाल ने कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सीधे तौर पर जनता से जुड़ा हुआ विभाग है और इसे लेकर लोगों की सबसे ज्यादा शिकायतें आती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

नए मंत्री ने कहा कि जमीन, दाखिल-खारिज, म्यूटेशन और सर्वे जैसे मामलों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन शिकायतों को खत्म करने के लिए विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक बुलाकर चल रहे सर्वे कार्यों और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

दिलीप जायसवाल ने यह भी कहा कि वे पहले भी इस विभाग से जुड़े काम कर चुके हैं और अधिकारियों के साथ लगातार संवाद होता रहा है। लेकिन अब नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वे नए तरीके से विभाग को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में गुरुवार को कुल 32 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसी विस्तार में दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।