बिहार में बिजली पर सीधा संवाद: आज नीतीश कुमार जुड़ेंगे हज़ारों उपभोक्ताओं से

 

Patna: बिहार की राजनीति में बिजली को लेकर एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। 125 यूनिट मुफ़्त बिजली योजना की गूंज के बाद अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद लोगों से सीधे जुड़ने उतर रहे हैं।

मंगलवार सुबह 11 बजे से राज्यभर में “पावर संवाद” कार्यक्रम होगा, जिसमें सीएम घरेलू उपभोक्ताओं से सीधी बातचीत करेंगे। इस संवाद को लेकर राज्यभर के हर बिजली आपूर्ति शाखा में 4-4 स्थान तय किए गए हैं।

यहां एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर या टीवी के ज़रिए मुख्यमंत्री का संदेश और बातचीत लाइव दिखाई जाएगी। सिर्फ पटना ज़िले में ही 152 जगहों से लोग वेबकास्टिंग के ज़रिए जुड़ेंगे। जिला मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम ऊर्जा ऑडिटोरियम में होगा।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योजना के फायदे, क्रियान्वयन और चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। बिजली बिल, सेवा की गुणवत्ता और तकनीकी दिक्कतों जैसे मुद्दों पर उपभोक्ताओं की राय भी सीधे सुनेंगे।


इस पूरे आयोजन के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने तकनीकी टीम तैयार की है, ताकि लाइव प्रसारण में कोई दिक्कत न आए। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव का कहना है, “यह मंच जनता को सीधे सरकार से बात करने का मौका देगा और योजना में पारदर्शिता व रफ्तार दोनों बढ़ाएगा।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। साथ ही स्थानीय सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।


राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 125 यूनिट मुफ़्त बिजली योजना ने पहले ही लाखों उपभोक्ताओं को राहत दी है, और अब इस सीधी बातचीत से सरकार जनता के भरोसे को और मज़बूत करने के साथ-साथ अपनी छवि और नीतियों को भी “चार्ज” करना चाहती है।