गयाजी से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, बिहार में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बिहार के गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार होने जा रहा है। सोमवार, 26 अक्टूबर से इंडिगो एयरलाइन बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है
 

बिहार के गयाजी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार होने जा रहा है। सोमवार, 26 अक्टूबर से इंडिगो एयरलाइन बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस नई उड़ान से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

दरअसल, बौद्ध पर्यटकों के आगमन को देखते हुए गयाजी एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का दायरा बढ़ाया जा रहा है। रविवार से ही थाई एयरवेज और थाई एयर एशिया की उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। वहीं, इंडिगो की बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से थाईलैंड और बिहार के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, इंडिगो की यह उड़ान सप्ताह में दो दिन, सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। इससे बोधगया आने वाले पर्यटकों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

विंटर सीजन के दौरान गयाजी एयरपोर्ट से छह विमानन कंपनियां अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इनमें थाई एयरवेज, थाई एयर एशिया, इंडिगो, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और भूटान एयरलाइंस शामिल हैं। इनके जरिए बैंकॉक, यंगून और पारो जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए हवाई संपर्क मजबूत होगा।

गौरतलब है कि बोधगया बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां 26 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक पर्यटन का प्रमुख सीजन रहेगा। इस दौरान थाईलैंड, म्यांमार, भूटान समेत कई देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे।

ऐसे में नई उड़ान सेवाओं से न सिर्फ विदेशी पर्यटकों की यात्रा आसान होगी, बल्कि बिहार में धार्मिक पर्यटन, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।