बिहार में मौसम का “डबल अटैक” जारी: सुबह-शाम ठंडी, दिन में हल्की गर्मी, 12 जिलों में कोहरे का अलर्ट
सुबह-शाम बढ़ी कनकनी
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल किसी बड़े मौसम परिवर्तन के संकेत नहीं हैं। सुबह और शाम का समय ठंडी हवाओं के साथ ‘कनकनी’ जैसा महसूस होगा, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा देखा गया, जहां दृश्यता घटकर लगभग 100 मीटर तक रह गई। इस दौरान भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले तीन दिनों में फिर ठंड बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार समेत पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है। कोहरे का दौर खासकर सुबह और रात के वक्त जारी रहने का अनुमान है, जबकि दिन में मौसम ज्यादातर शुष्क और साफ रहेगा।
बारिश की संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, इसलिए आगामी दिनों में बारिश की उम्मीद नहीं है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी के कारण ही उत्तर बिहार के जिलों में घना कोहरा बन रहा है। इससे कई इलाकों में दृश्यता केवल 50 से 100 मीटर तक रह सकती है।
पटना का मौसम कैसा रहेगा
राजधानी पटना में येलो अलर्ट तो नहीं है, लेकिन सुबह हल्का-मध्यम कोहरा और ठिठुरन महसूस होगी। दिन में धूप निकलने से मौसम साफ रहेगा।
• न्यूनतम तापमान: 10-12°C
• अधिकतम तापमान: 22-24°C
राजधानी में सुबह-शाम हल्की ठंड और धूप में हल्की गर्मी का संतुलन बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से विभिन्न समय पर तापमान के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए अपने शारीरिक स्वास्थ्य और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।