बिहार में मौसम का ‘डबल अटैक’: कहीं तूफानी बारिश, कहीं गर्मी से राहत- 80 Kmph की रफ्तार से चलेगी हवा
राजधानी पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही बादलों का डेरा है और मौसम सुहाना बना हुआ है। विभाग के अनुसार, 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सारण, गया, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा और कटिहार में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई गई है।
गर्मी और बारिश का अनोखा संगम
बैशाख-जेठ की तपिश के बीच इस बार बिहार में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ कई इलाकों में बारिश से राहत मिल रही है, तो दूसरी ओर कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। उत्तर बिहार में बारिश की संभावना ज्यादा है, जबकि दक्षिण बिहार में गर्मी का असर कुछ और दिन रह सकता है।
तापमान में आएगी गिरावट
अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को डेहरी और कैमूर जैसे इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार रहा, जबकि वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया।
फिलहाल राहत, फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक 1 मई के बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और लू का असर लौट सकता है। फिलहाल लोगों को अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार में मौसम का यह बदलता मिजाज जहां एक ओर राहत दे रहा है, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ा रहा है ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।