ट्रेन से स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे डॉ. एस. सिद्धार्थ, भोजपुर के बिहिया में छात्राओं से की बात
 

 

1991 बैच के IAS अधिकारी और शिक्षा विभाग के नये अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ एकबार फिर सुर्खियों में हैं। जी हां, सादगी पसंद एस. सिद्धार्थ का एक और अलग अंदाज देखने को मिला है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। बिहार में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डॉ. एस. सिद्धार्थ लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं और छात्रों से भी मिलकर पठन-पाठन को लेकर रू-ब-रू हो रहे हैं।

बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉक्टर एस सिद्धार्थ का ट्रेन में सफर करते हुए एक वीडियो सामने आया है। स्लीपर क्लास में एस. सिद्धार्थ यात्रियों से बिहार की शिक्षा पर फीड बैक लेते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा स्टेशन पर झाड़ू बेचने वाली महिला और चाय दुकानदार से भी बात करते हैं।

अपर मुख्य सचिव ट्रेन से भोजपुर के बिहिया पहुंचे। रेलवे स्टेशन से सीधे कन्या विद्यालय पहुंचते हैं। जहां स्कूल के बाहर ही उनकी मुलाकात कुछ बच्चियों से होती है। जिनसे उन्होंने बात की।

एस सिद्धार्थ- आप बाहर कैसे आ गए?

छात्रा- लंच का वक्त है।

एस सिद्धार्थ- लंच में छुट्टी हो गई क्या।

छात्रा- नहीं…स्कूल का दरवाजा खुला हुआ है, हमलोग बाहर निकल गए हैं।

एस सिद्धार्थ- मास्टर साहब टाइम पर आ रहे हैं।

छात्रा- हां..समय पर आते हैं।

बच्चियों से बात करते हुए एस. सिद्धार्थ स्कूल पहुंचते हैं। सबसे पहले उन्होंने पूरे स्कूल का निरीक्षण किया। क्लासरूम में भी छात्राओं से बात की। उसके बाद प्रिंसिपल के केबिन में पहुंचे। उनके ठीक पीछे प्रिंसिपल पहुंचते हैं और उन्हें अपनी कुर्सी ऑफर करते हैं, लेकिन वो बैठने से मना कर देते हैं। उपस्थिति पंजी की जांच के बाद उन्होंने कई बिंदुओं पर बात की।