पटना में डॉ. सुरेंद्र कुमार को मिला सेवा सम्मान, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने किया सम्मानित; पेन मैनेजमेंट में योगदान की सराहना
Bihar News: राजधानी पटना के मां ब्लड सेंटर में आयोजित ‘सेवा सम्मान समारोह’ में चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रसिद्ध कायरोप्रैक्टर डॉ. सुरेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान डॉ. सुरेंद्र कुमार के सामाजिक और चिकित्सीय कार्यों की सराहना की गई। खास तौर पर दर्द से जूझ रहे मरीजों को बेहतर पेन मैनेजमेंट उपलब्ध कराने की दिशा में उनके प्रयासों का उल्लेख किया गया।
सम्मान को मरीजों के भरोसे से जोड़ा
सम्मान मिलने के बाद डॉ. सुरेंद्र कुमार ने आयोजकों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि मरीजों के दर्द को समझकर उन्हें राहत देने के प्रयासों की सराहना है।
उन्होंने कहा कि मरीज का भरोसा, उसके चेहरे पर लौटती मुस्कान और दर्द से राहत मिलना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। डॉ. सुरेंद्र के मुताबिक उनका लगातार प्रयास रहता है कि आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पेन मैनेजमेंट की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
कायरोप्रैक्टिक तकनीक से दर्द प्रबंधन पर जोर
डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि कायरोप्रैक्टिक तकनीक के जरिए शारीरिक दर्द से परेशान मरीजों को राहत पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक अधिक सहज तरीके से पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उनके अनुसार, दर्द से परेशान मरीजों को सही मार्गदर्शन और उचित उपचार विकल्प उपलब्ध कराना स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
‘सेवा सम्मान समारोह’ में बिहार सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, खनन, मत्स्य एवं कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद चन्द्रवंशी और बिहार विधान परिषद सदस्य अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की।
अतिथियों ने सम्मानित किए गए चिकित्सकों को बधाई दी और चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
मां ब्लड सेंटर के सामाजिक कार्यों की भी चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मां ब्लड सेंटर की ओर से स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा हुई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए उन चिकित्सकों और समाजसेवियों को प्रोत्साहन मिलता है, जो लगातार लोगों की सेवा में सक्रिय रहते हैं।
समारोह में चिकित्सा सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।