राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान NEET छात्रा मौत का मुद्दा गूंजा, विपक्ष ने पूछा– “इंसाफ कब मिलेगा?”

 
Bihar news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानसभा के संयुक्त सत्र में अपना अभिभाषण दिया। अपने भाषण में राज्यपाल ने नवंबर 2005 के बाद नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व्यवस्था और आधारभूत ढांचे में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया।

हालांकि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदेहास्पद मौत का मामला भी सदन में गूंज उठा। अभिभाषण के बीच विपक्षी विधायकों ने सवाल उठाते हुए कहा कि “NEET छात्रा को इंसाफ कब मिलेगा?” इस पर राज्यपाल कुछ क्षण के लिए रुके, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपना भाषण जारी रखा।

जब राज्यपाल महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर सरकार के कार्यों का उल्लेख कर रहे थे, उसी दौरान विपक्ष के सदस्यों ने बीच में टोका। इसके बावजूद राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने राज्य की कानून-व्यवस्था को मजबूत बताते हुए कहा कि बिहार में थानों की संख्या 814 से बढ़कर 1380 हो गई है। उन्होंने सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण को बड़ी उपलब्धि बताया। राज्यपाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों से महिलाओं को आरक्षण और नौकरियों में बड़ा लाभ मिला है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में सड़क और परिवहन सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है, जिससे राज्य के किसी भी हिस्से से पटना पहुंचना अब आसान हो गया है।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार की ओर से सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। बजट सत्र के पहले ही दिन सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तल्खी देखने को मिली, जिससे आने वाले दिनों में और हंगामे के संकेत मिल रहे हैं।