Earthquake News: बांग्लादेश में 5.6 तीव्रता का भूकंप, बिहार में भी हिलेगी ज़मीन- किशनगंज-अररिया में दहशत, ढाका में 10 की मौत

 

Bihar Earthquake news: शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बिहार के किशनगंज और अररिया में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक जमीन हिलने पर लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंखे, दरवाजे और बर्तन तक हिलने लगे थे, जिससे कुछ सेकेंड तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बिहार में अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए है। झटके दोबारा महसूस नहीं हुए, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

बांग्लादेश में तबाही: 10 की मौत, 100 से अधिक घायल

भूकंप का वास्तविक एपिसेंटर बांग्लादेश के नरसिंदी इलाके में था, जो ढाका से लगभग 42 किलोमीटर दूर स्थित है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.6 मापी गई और यह स्थानीय समयानुसार सुबह 10:38 बजे आया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार:
    •    10 लोगों की मौत
    •    100 से अधिक घायल
    •    कई इमारतों में बड़ी दरारें
    •    जगह-जगह आग लगने की घटनाएं

ढाका के गजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में भगदड़ के दौरान 100 से ज्यादा मजदूर घायल हुए। बोंगशल में एक इमारत की रेलिंग गिरने से 3 लोगों की मौत की पुष्ट‍ि हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने झटकों को “पेड़ों की तरह हिलती इमारतें” बताते हुए स्थिति की भयावहता बयां की।

स्टेडियम में खेल रुका, लोग डरे- मैच कुछ देर के लिए थमा

भूकंप का असर ढाका के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम तक पहुंचा। बांग्लादेश–आयरलैंड टेस्ट मैच कुछ मिनटों के लिए रोकना पड़ा। फिलहाल स्टेडियम सुरक्षित बताया गया है और मैच बाद में फिर शुरू हुआ।

भारत के कई राज्यों में महसूस हुए कंपन

भूकंप का प्रभाव भारत के कई इलाकों में महसूस हुआ:
    •    कोलकाता
    •    असम
    •    त्रिपुरा
    •    मेघालय
    •    कूचबिहार, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर

लोग एहतियातन दफ्तरों और घरों से बाहर निकल आए। भारतीय प्रशासन ने साफ किया है कि देश में कहीं भी बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

स्थिति नियंत्रण में, प्रशासन अलर्ट पर

बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में प्रशासन ने मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। बांग्लादेश के अंतरिम प्रशासन प्रमुख ने लोगों से घबराने से बचने और अफवाहें न फैलाने की अपील की है।