बिहार समेत कई राज्यों में भूकंप के झटके, सुबह-सुबह कांपी धरती; नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप
बिहार समेत एशिया के कई देशों में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह-सुबह धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बिहार की राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों में लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। इनमें पटना, सीवान, शिवहर, दरभंगा, सुपौल, अररिया, बेगूसराय और बांका समेत कई जिले शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, बांका जिले में सुबह करीब 7 बजकर 4 मिनट पर भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। वहीं, दरभंगा में सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर करीब 2 से 3 सेकेंड तक धरती हिलने का एहसास हुआ। हालांकि, यहां झटकों की तीव्रता कम बताई जा रही है। अचानक आए झटकों से सुबह की शुरुआत कर रहे लोग सहम गए और कई जगहों पर लोग घरों से बाहर निकल आए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास था। यहां सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताई जा रही है।
भूकंप के झटके भारत के अलावा नेपाल, चीन, बांग्लादेश और भूटान में भी महसूस किए जाने की खबर है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी लोगों ने झटके महसूस किए। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भूकंप की तीव्रता 5.4 मैग्नीट्यूड बताई गई है।
हालांकि, बिहार के अलग-अलग जिलों से अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।