बांकीपुर उपचुनाव में आज मिलेगा चुनाव चिह्न, प्रचार अभियान पकड़ेगा रफ्तार; 25 उम्मीदवार मैदान में

 

Bihar news: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनावी मुकाबला पूरी तरह तेज हो जाएगा और उम्मीदवार अपने-अपने चुनाव निशान के साथ मतदाताओं के बीच प्रचार अभियान शुरू करेंगे।

इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जन सुराज समेत 17 राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के अलावा 8 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं। चुनाव चिह्न मिलने के बाद सभी उम्मीदवार अपने प्रचार को नई गति देंगे और जनसंपर्क अभियान को धार देंगे।

निर्वाची पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची तैयार कर चुनाव आयोग को भेज दी गई है। आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद सभी उम्मीदवारों को आधिकारिक तौर पर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद अंतिम सूची जारी होगी और उसी के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की बैलेट यूनिट तैयार की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के चुनाव चिह्न (आरक्षण एवं आवंटन) आदेश, 1968 के तहत प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिह्न दिए जाते हैं। यही चुनाव चिह्न मतदान के दौरान ईवीएम पर भी प्रदर्शित होंगे।

चुनाव निशान मिलने के साथ ही बांकीपुर में प्रचार अभियान पूरी रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। उम्मीदवार घर-घर संपर्क, नुक्कड़ सभाएं, रोड शो और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं तक पहुंचेंगे। इसके साथ ही पोस्टर, बैनर, पंपलेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी चुनाव प्रचार को और तेज किया जाएगा।

राजधानी पटना की प्रतिष्ठित मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है। प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में चुनाव चिह्न मिलने के बाद चुनावी सरगर्मियां और तेज होंगी तथा आने वाले दिनों में बांकीपुर की सियासत में जनसभाओं, वादों और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर पहुंचने की संभावना है।