1 अप्रैल से बदलेगा बिजली बिल का गणित: नई दरें होंगी लागू, लेकिन आम उपभोक्ताओं को मिल सकती है राहत, जानिए कैसे…
सूत्रों के मुताबिक, इस बार सिर्फ दरों में मामूली बढ़ोतरी ही नहीं, बल्कि बिलिंग सिस्टम में भी बड़ा बदलाव संभव है। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए स्लैब सिस्टम खत्म कर एक समान दर लागू की जा सकती है, जिससे बिल समझना आसान हो जाएगा।
सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी जारी रहने की उम्मीद है, जिसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। 125 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वालों को पहले की तरह मुफ्त बिजली मिलने की संभावना है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
स्मार्ट और प्रीपेड मीटर उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी अच्छी खबर है। उन्हें प्रति यूनिट करीब 25 पैसे तक सस्ती बिजली मिल सकती है। वहीं शहरी उपभोक्ताओं को भी औसतन 18 पैसे प्रति यूनिट तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अगर प्रस्तावित दरों और सब्सिडी को साथ जोड़कर देखें, तो उपभोक्ताओं को लगभग 4.34 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली मिल सकती है, जो मौजूदा दरों से सस्ती साबित होगी।
इसके अलावा, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी स्लैब कम करने और फिक्स्ड चार्ज घटाने जैसे बदलावों पर विचार हो रहा है, जिससे कारोबारियों को भी राहत मिल सकती है।
अब सबकी नजरें आयोग के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि बढ़ोतरी का असर कितना होगा और राहत कितनी मिलेगी। इस बार बिजली दरों में बदलाव के साथ राहत और सुधार-दोनों का संतुलन देखने को मिल सकता है।