सीवान के उत्पाद निरीक्षक पर EOU का शिकंजा, 5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी; 2.36 करोड़ की संदिग्ध संपत्ति का मामला

 

Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में गुरुवार सुबह एक साथ पांच ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। पटना, दानापुर, मुंगेर और सीवान में चल रही इस कार्रवाई के दौरान टीम नकदी, आभूषण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाने में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में उनकी संपत्ति और आय का सत्यापन करने पर करीब 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की संदिग्ध संपत्ति मिलने के प्रमाण सामने आए। जांच एजेंसी के मुताबिक यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक है।

कोर्ट से तलाशी वारंट मिलने के बाद गुरुवार सुबह ईओयू की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, नकदी और अन्य वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है।

इन ठिकानों पर चल रही है छापेमारी

* दानापुर के सुल्तानपुर (पटना) स्थित आवास
* मुंगेर के चंदनबाग स्थित पैतृक घर
* मुंगेर के लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन
* सीवान स्थित उत्पाद विभाग का कार्यालय
* सीवान के चित्रगुप्त नगर स्थित किराये का आवास

ईओयू के अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और छापेमारी पूरी होने के बाद बरामदगी व अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।