अंग्रेजों की यातनाएं भी नहीं तोड़ सकीं हौसला, देवशरण सिंह ने आजादी के लिए बुलंद रखी आवाज: श्रवण कुमार
Bihar news: महान स्वतंत्रता सेनानी और बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति बाबू देवशरण सिंह की 126वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीण विकास मंत्री सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बाबू देवशरण सिंह को नमन करते हुए उनके संघर्ष और राष्ट्रसेवा को याद किया।
श्रवण कुमार ने कहा कि देवशरण सिंह का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की मिसाल रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में चलाए गए असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। अंग्रेजी शासन के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें जेल में अमानवीय यातनाएं भी सहनी पड़ीं, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा और स्वतंत्रता का लक्ष्य उनके लिए सर्वोपरि रहा।
मंत्री ने कहा कि बाबू देवशरण सिंह का संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। देश आज आजाद है, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में उनके त्याग, साहस और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरणा लेकर युवाओं को देश और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपसभापति डॉ. रामवचन राय, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश प्रसाद कुशवाहा समेत कई विधायक, विधान परिषद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।