EWA बिहार मीट 2026 में बोले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, Bishop Westcott School की शताब्दी होगी उपलब्धियों का उत्सव
Patna: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पटना स्थित रेर विंडो में आयोजित EWA बिहार मीट 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया. यह कार्यक्रम Ex-Westcottian Association (EWA) द्वारा Bishop Westcott Boys' School, नामकुम (रांची) के पूर्व छात्रों के मिलन एवं वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले विद्यालय के शताब्दी समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित किया गया था.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और प्रार्थना के साथ हुआ. इस अवसर पर विद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य जे. जे. एडविन और हॉस्टल निदेशक ऑब्रे थॉमसन मौजूद रहे, जबकि पूर्व प्रधानाचार्य आर. आई. थॉर्नटन और सुश्री जैकब ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अपने संदेश साझा किए.
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि EWA बिहार मीट केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि स्मृतियों, संस्कारों और आत्मीय संबंधों का उत्सव है. उन्होंने कहा कि Bishop Westcott Boys' School ने लगभग एक शताब्दी से शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्टता की जो परंपरा कायम की है, वह प्रेरणादायी है.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में विद्यालय अपने 100 वर्ष पूरे करेगा, जो केवल एक संस्थान का शताब्दी वर्ष नहीं, बल्कि उन हजारों पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का उत्सव होगा जिन्होंने देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने पूर्व छात्रों को विद्यालय की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि वे इसकी गौरवशाली विरासत के सशक्त प्रतिनिधि हैं.
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला भी है. यहां से प्राप्त संस्कार, अनुशासन और मित्रता जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं. उन्होंने EWA द्वारा “Together Forever” की भावना के साथ पूर्व छात्रों को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की.
उन्होंने शिक्षित और जागरूक नागरिकों से शिक्षा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया तथा आगामी शताब्दी समारोह की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने अपने विद्यालय जीवन की यादें साझा कीं और शताब्दी समारोह को भव्य बनाने के लिए सुझाव दिए. EWA के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने संगठन की गतिविधियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी.