पटना के फतुहा में नकली फॉर्च्यून तेल बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक करोड़ का नकली तेल बरामद

पटना के फतुहा में नकली खाद्य तेल के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां एक घर में अवैध रूप से चल रही नकली तेल बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब एक करोड़ रुपये का नकली फॉर्च्यून रिफाइंड और सोयाबीन तेल बरामद किया गया है।
 

पटना के फतुहा में नकली खाद्य तेल के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां एक घर में अवैध रूप से चल रही नकली तेल बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब एक करोड़ रुपये का नकली फॉर्च्यून रिफाइंड और सोयाबीन तेल बरामद किया गया है। मौके से बड़ी मात्रा में नकली तेल के साथ कंपनी के रैपर, पैकिंग और सील करने वाली मशीनें समेत तेल बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा सामान भी जब्त किया गया है।

दरअसल, फतुहा के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में एक घर के अंदर नकली फॉर्च्यून तेल बनाने का अवैध कारोबार चल रहा था। आरोप है कि विजय साव का बेटा विकास कुमार फॉर्च्यून कंपनी के ट्रेडमार्क और लोगो का गलत इस्तेमाल कर नकली तेल तैयार कर रहा था। इसके बाद उसे असली कंपनी के नाम और पैकेजिंग में बाजार में खपाया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता से आई आईटी लीगल सर्विस टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ और मौके से करीब एक करोड़ रुपये का नकली तेल बरामद किया गया।

आईटी लीगल सर्विस टीम के निदेशक टुनटुन चक्रवर्ती ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फतुहा के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में फॉर्च्यून के नाम से नकली तेल बनाने का कारोबार किया जा रहा है। शिकायतों की पुष्टि के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने जब्त किए गए तेल और अन्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं।

वहीं, फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस और जांच टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि नकली तेल कितने समय से तैयार किया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों और दुकानों में की जा रही थी।

अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस नकली तेल के कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके जरिए अब तक कितने लोगों तक मिलावटी या नकली तेल पहुंचाया गया है।