पटना सिटी में फिर टूटी सुरक्षा की पोल: पिता-पुत्र बाइक समेत मौत की नहर में गिरे, स्थानीय लोगों ने बचाई जान
Patna city news: सावधानी हटी, दुर्घटना घटी… पटना में नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्थाओं की लापरवाही एक बार फिर बड़ी घटना का कारण बन गई। सोमवार सुबह एक पिता अपने बेटे को मोटरसाइकिल से स्कूल छोड़ने जा रहे थे, तभी अनियंत्रित होकर दोनों बाइक समेत नहर में गिर गए। गनीमत रही कि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने समय रहते दोनों को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
नहर पर नहीं है घेराबंदी, सड़क की हालत भी बदतर
स्थानीय लोगों ने बताया कि नहर किनारे किसी भी प्रकार की सुरक्षा घेराबंदी नहीं है। सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है, जिसके कारण आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों में नाराजगी है कि कई हादसों के बावजूद प्रशासन ने अब तक इस मार्ग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसी वजह से इलाके के लोग इस नहर को “मौत की नहर” कहने लगे हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से बची दोनों की जान
घटना के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत नहर में कूदकर पिता और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और फिलहाल वे सुरक्षित हैं।
प्रशासन से सुरक्षा इंतज़ाम की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर किनारे बैरिकेंटिंग करने और सड़क की मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोटर: मुकेश कुमार, पटना सिटी