प्रवर्तन अवर निरीक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित: 33 अभ्यर्थी सफल, 11 महिलाओं ने भी दर्ज कराई दमदार उपस्थिति
आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि इस भर्ती में सभी श्रेणियों की रिक्तियां पूरी तरह भर दी गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और योगदान से संबंधित आगे की प्रक्रिया बिहार ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के अंतर्गत राज्य परिवहन आयुक्त कार्यालय के स्तर पर पूरी की जाएगी।
कई चरणों से गुजरकर हुआ चयन
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 28 मई 2025 को जारी विज्ञापन से हुई थी। इसके बाद आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की, जिसमें प्रारंभिक लिखित परीक्षा और मुख्य लिखित परीक्षा शामिल थी।
लिखित परीक्षाओं में सफल उम्मीदवारों को आगे शारीरिक जांच परीक्षा (PET) और साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। इन सभी चरणों में सफल रहे अभ्यर्थियों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरा रिजल्ट
आयोग ने बताया है कि उम्मीदवार विस्तृत परीक्षाफल और जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट से संबंधित टैब पर क्लिक कर पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
इस परिणाम के साथ ही परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।