सोनपुर और अजगैबीनाथ से 2030-31 तक उड़ने लगेगी फ्लाइट, बिहार को पूर्वी भारत के बड़े एविएशन हब के रूप में स्थापित करने का मेगा प्लान तैयार
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने एग्रेसिव प्लान तैयार किया है। नई योजना के तहत वर्ष 2030-31 तक राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बन जाएंगे। ये सोनपुर हरिहरनाथ धाम तथा भागलपुर-मुंगेर क्षेत्र का अजगैबीनाथ धाम हवाई अड्डा एयरपोर्ट बन जाएंगे। वहीं अगले 3 से 4 वर्षों में राज्य के पांच प्रमुख पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल एयरपोर्ट पूरी तरह से विकसित कर लिए जाएंगे। रक्सौल में नेपाल सीमा के पास बड़ा एयरपोर्ट बनाने के लिए डीपीआर तैयार हो रहा है।
सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को पूर्वी भारत के बड़े एविएशन हब के रूप में स्थापित करना है। पटना में नए टर्मिनल का अपग्रेडेशन कार्य पूरा हो चुका है। दरभंगा में 3700 मीटर लंबा रनवे और नया टर्मिनल वर्ष 2027 में बन जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के अनुसार हवाई अड्डों के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम तेजी से जारी है। इन ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स के चालू होने से बिहार के विभिन्न हिस्सों से यात्रियों को सीधी हवाई सेवा के बेहतर विकल्प मिलेंगे।
गया में घने कोहरे के दौरान सुरक्षित लैंडिंग के लिए कैट-1 लाइटिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को 67.18 एकड़ भूमि दे दी गई है। यहां 294.05 करोड़ की लागत से सिविल एन्क्लेव बन रहा है, जबकि कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी के लिए अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है
राज्य के मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डों को केंद्र की 'उड़ान' योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। मुजफ्फरपुर के पताही, वाल्मीकिनगर, वीरपुर और सहरसा में नए टर्मिनल भवन तथा रनवे निर्माण के लिए भारी बजट मंजूर कर काम शुरू कर दिया गया है।