कटिहार में बाढ़ का कहर: 7.18 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 304 सामुदायिक रसोई से मिल रहा भोजन
Bihar News: कटिहार जिले में गंगा, कोसी, बरांडी और कारीकोसी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन के मुताबिक अब तक 53 ग्राम पंचायतों के 455 गांव और 3 नगर पंचायतों के 33 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इससे करीब 7 लाख 18 हजार 627 लोग प्रभावित बताए गए हैं।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बाढ़ की मौजूदा स्थिति और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में आवागमन, भोजन, स्वास्थ्य, पेयजल और पशुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।
125 नावें राहत और आवागमन में जुटीं
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के आवागमन और जरूरी सामान पहुंचाने के लिए 125 नावों का संचालन किया जा रहा है। इनमें बरारी में 33, कुर्सेला में 24, कोढ़ा में 3, मनिहारी में 34, मनसाही में 4, अमदाबाद में 16, प्राणपुर में 9 और फलका में 2 नावें चल रही हैं।
7.64 लाख लोगों को कराया गया भोजन
बाढ़ प्रभावित और विस्थापित परिवारों के लिए जिले में 304 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन रसोई केंद्रों के जरिए अब तक 7 लाख 64 हजार 370 लोगों को भोजन कराया जा चुका है।
बढ़ते प्रभावित क्षेत्रों को देखते हुए आज से कुर्सेला में 8, मनिहारी में 11, अमदाबाद में 12 और समेली में 18 नए सामुदायिक रसोई केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इस तरह 49 अतिरिक्त रसोई केंद्र भी राहत व्यवस्था में जुड़ रहे हैं।
113 स्वास्थ्य शिविरों में 8,678 लोगों का इलाज
बाढ़ प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिले में 113 चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं। इनके माध्यम से अब तक करीब 8,678 लोगों का इलाज किया जा चुका है।
बीमारियों से बचाव के लिए 50 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और 3,084 हैलोजन टैबलेट का वितरण भी किया गया है। इसके अलावा बरारी, कुर्सेला, मनिहारी और अमदाबाद में एक-एक बोट एंबुलेंस भी संचालित की जा रही है।
1,851 पशुओं का इलाज, 241 क्विंटल भूसा बांटा
बाढ़ में प्रभावित पशुओं के उपचार के लिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 5 पशु चिकित्सा शिविर चलाए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए अब तक 1,851 पशुओं का इलाज किया गया है। मनसाही में मोबाइल वेटरनरी यूनिट ने भी 18 पशुओं का उपचार किया है।
बाढ़ के कारण सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे पशुपालकों के मवेशियों के लिए अब तक 241.60 क्विंटल गेहूं का भूसा वितरित किया जा चुका है।
25,865 पॉलीथीन शीट बांटी गईं
बाढ़ से प्रभावित और विस्थापित परिवारों को राहत देने के लिए पॉलीथीन शीट का वितरण जारी है। अब तक कुल 25,865 पॉलीथीन शीट बांटी जा चुकी हैं। बरारी में 5,800, कुर्सेला में 4,360, मनिहारी में 6,950, अमदाबाद में 7,000 और मनसाही में 1,755 शीट वितरित की गई हैं।
पेयजल और शौचालय की भी व्यवस्था
बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग काम कर रहा है। अब तक 119 चापाकल और 105 शौचालय लगाए जा चुके हैं।
24 घंटे सक्रिय है जिला कंट्रोल रूम
बाढ़ समेत किसी भी आपदा की सूचना तत्काल प्राप्त करने और संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC)-सह-कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है। यहां मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं को संबंधित अधिकारियों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।
जरूरत पड़ने पर लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
DEOC हेल्पलाइन: 06452-239025, 239026, 242400
ईमेल: deoc-katihar@bihar.gov.in
प्रशासन की लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलमग्न क्षेत्रों में आने-जाने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपदा या तत्काल सहायता की जरूरत होने पर कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को और बढ़ाया जाएगा।