बिहार में बदला मौसम का मिजाज, धूप के बाद चली तेज हवा, 25 जिलों में कोहरे का अलर्ट

 
Bihar weather report: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। मंगलवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में अरवल, भोजपुर और बक्सर सहित कई जिलों में दिनभर तेज धूप रही, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन शाम होते-होते अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज पछुआ हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए, जिससे कई इलाकों में बारिश जैसे हालात बन गए।

25 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दरभंगा, मुजफ्फरपुर, कटिहार समेत बिहार के 25 जिलों के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन जिलों में दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक रह सकती है। खासकर सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ठंडी हवा चलने से कनकनी भी ज्यादा महसूस होगी।
पिछले 24 घंटे में राज्य के तीन जिलों में घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया, जहां दृश्यता 100 मीटर के आसपास रही। वहीं भागलपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, नमी बनी वजह
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल कमजोर पड़ गया है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। रात के समय हवा की रफ्तार कम होने से नमी जमीन के पास ही जमा हो रही है, जिससे कोहरा और ज्यादा घना हो रहा है। न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होने की वजह से भी कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

तापमान में अभी नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य रह सकता है। अगर हवा की गति बढ़ी या बादल छाए, तो कोहरे की तीव्रता कुछ कम हो सकती है।

पटना का मौसम कैसा रहेगा
राजधानी पटना में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने और मौसम साफ रहने की उम्मीद है। यहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में सुहावना मौसम बना रहेगा। फिलहाल पटना के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि येलो अलर्ट वाले जिलों को छोड़कर बिहार के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा। कुछ इलाकों में हल्का कोहरा दिख सकता है, लेकिन उसका असर ज्यादा नहीं होगा।