पूर्व विधायक गोपाल मंडल के बेटे रहस्यमय ढंग से लापता, 18 मई से बंद है मोबाइल; परिवार ने जनता से मांगी मदद

 
Bihar News: गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोपाल मंडल के पुत्र तरुण कुमार नीरज के अचानक लापता हो जाने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। 18 मई से लापता तरुण का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जबकि परिजन और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, तरुण कुमार नीरज 18 मई को दोपहर करीब 2:18 बजे बरारी स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने आवास से निकले थे। उस समय उन्होंने सफेद और काले रंग की शर्ट, ट्राउजर पहन रखा था। उनके गले में हेडफोन था और कंधे पर एक साइड बैग भी टंगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि घर से निकलने के कुछ घंटों बाद, शाम करीब 4 बजे के बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभव जगह तलाश की, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

सोशल मीडिया पर जारी की अपील

तरुण कुमार नीरज के लापता होने के बाद परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों से मदद की अपील की है। परिजनों द्वारा जारी वीडियो संदेश में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को तरुण के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तत्काल मोबाइल नंबर 9304916998 पर संपर्क कर सूचना दे।

इलाके में बढ़ी चिंता, लोग कर रहे सुरक्षित वापसी की दुआ

घटना के बाद परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। कई सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने तरुण कुमार नीरज की सकुशल वापसी की कामना की है। परिवार को उम्मीद है कि जनता के सहयोग और सूचना के आधार पर जल्द ही उनके बेटे का पता चल सकेगा।