दानापुर-पानापुर के बीच मुफ्त फेरी सेवा शुरू, CM सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी; दियारा के लाखों लोगों को राहत
Bihar news: बिहार सरकार ने दियारा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का शुभारंभ किया। हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे आम लोगों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को फेरी सेवा की पूरी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और उसमें सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी राय भी जानी। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुफ्त फेरी सेवा से बदलेगी दियारा क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नासरीगंज-पानापुर फेरी सेवा शुरू होने से गंगा पार करने वाले लोगों को सुरक्षित, आसान और तेज़ आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क होगी, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा।
किसानों, व्यापारियों और छात्रों को होगा सीधा फायदा
फेरी सेवा का सबसे बड़ा लाभ दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की छह पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—के लोगों को मिलेगा। सब्जी, फल और दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना अब पहले से आसान होगा, जिससे स्थानीय किसानों और व्यापारियों की आय बढ़ने की उम्मीद है।
मानसून में मिलेगी बड़ी राहत
हर साल मानसून के दौरान पीपा पुल हटाए जाने के कारण दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब फेरी सेवा शुरू होने से बरसात के मौसम में भी लोगों को सुरक्षित और नियमित आवागमन का विकल्प मिलेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा लाभ
दियारा क्षेत्र में संचालित 58 विद्यालय, 95 आंगनबाड़ी केंद्र, तीन स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कार्यालयों में कार्यरत शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, सेविका-सहायिकाएं और अन्य कर्मचारियों को भी इस सेवा से बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे सरकारी सेवाओं की पहुंच और कार्यप्रणाली दोनों बेहतर होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सरकार का मानना है कि यह फेरी सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दियारा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।