नीतीश का बड़ा ऐलान: अब हर घर तक पहुँचेगी ताज़ी और सस्ती सब्ज़ी, किसानों की आमदनी होगी दोगुनी
Bihar cabinet meeting: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के लिए एक बड़ी योजना की घोषणा की है। इसके तहत राज्य के सभी 534 प्रखंडों में आधुनिक सब्जी केंद्र (Modern Vegetable Centers) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों से किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को सीधा लाभ मिलने का दावा किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन सब्जी केंद्रों में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस और पैकेजिंग की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका फायदा यह होगा कि किसानों की उपज लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और फसल खराब होने से होने वाला नुकसान कम होगा।
सरकार का कहना है कि इन केंद्रों पर किसान अपनी सब्जी सीधे बेच सकेंगे। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा। साथ ही खरीदारों को भी ताजा और सस्ती सब्जियां आसानी से उपलब्ध होंगी।
योजना के तहत किसानों को नई कृषि तकनीक, उन्नत बीज और आधुनिक खेती के तौर-तरीके भी सिखाए जाएंगे। इससे सब्जियों की पैदावार और गुणवत्ता दोनों बेहतर होने की उम्मीद है।
इन सब्जी केंद्रों के जरिए स्थानीय उपज न सिर्फ राज्य के बाजार तक पहुंचेगी, बल्कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक भी सप्लाई की जा सकेगी। इसके अलावा, इन केंद्रों को सरकारी योजनाओं और सब्सिडी से जोड़कर किसानों को मुआवजे और लाभ की जानकारी सीधे पहुंचाई जाएगी।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि इस पहल से नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और प्रदेश में खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।