बिहार के युवाओं को ग्लोबल एक्सपोजर से लेकर AI तक, CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान; LNMU में बनेगा क्वांटम कंप्यूटर सेंटर
Bihar news: बिहार के युवाओं को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी कौशल और वैश्विक स्तर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने कई अहम पहल की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान में आयोजित छात्रों के इंडक्शन एंड ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘आगाज 2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार की गौरवशाली विरासत को दुनिया के सामने नई पहचान दिलाने में राज्य के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा देश या दुनिया के किसी भी हिस्से में रहें, उन्हें अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहकर राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने की है।
6 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 के पासआउट छह गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही संस्थान में नए सत्र में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संस्थान के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि ‘आगाज 2026’ नए विद्यार्थियों के लिए उनके शैक्षणिक सफर की महत्वपूर्ण शुरुआत है। एलएनएमआई बिहार की महत्वपूर्ण शैक्षणिक विरासत का हिस्सा है और वर्तमान में यहां करीब 1600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। संस्थान की क्षमता को बढ़ाकर करीब 3000 विद्यार्थियों तक करने की दिशा में काम किया जाएगा।
‘गंगा टू ग्लोबल’ से छात्रों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गंगा टू ग्लोबल’ की अवधारणा के तहत बिहार के विद्यार्थियों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों की कार्यप्रणाली और नई तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। हर सत्र में करीब 100 विद्यार्थियों को एक महीने के एक्सपोजर विजिट पर भेजने की योजना पर काम किया जा रहा है।
विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों से विद्यार्थियों को सीखने और वहां की शिक्षा एवं कार्यप्रणाली को समझने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
AI और क्वांटम कंप्यूटर सेंटर की होगी स्थापना
मुख्यमंत्री ने संस्थान के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि संस्थान की जमीन की जरूरत को देखते हुए भवन निर्माण विभाग की प्रस्तावित एक एकड़ जमीन संस्थान को उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा नए टाउनशिप के विकास के क्रम में एलएनएमआई को 10 एकड़ जमीन सैटेलाइट कैंपस के लिए उपलब्ध कराने की बात कही गई। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेंस और क्वांटम कंप्यूटर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
इन केंद्रों के जरिए छात्रों को आधुनिक नीति निर्माण, शहरी विकास, प्रशासन, शासन व्यवस्था और तकनीकी क्षेत्र में अध्ययन एवं शोध के नए अवसर मिलेंगे।
‘बिहार के युवा अपनी प्रतिभा से बदल सकते हैं राज्य की तस्वीर’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और हर क्षेत्र में तकनीक की भूमिका बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में बिहार के युवाओं को भी आधुनिक तकनीक और नए ज्ञान से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी शिक्षा ही आगे बढ़ने की सबसे मजबूत आधारशिला है।
जल प्रबंधन और विकास योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बिहार में बाढ़ प्रबंधन और जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो योजना की दिशा में काम किया गया है और कोसी, नारायणी तथा गंगा नदी बेसिन को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बेहतर जल प्रबंधन के प्रयासों से बिहार में फिलहाल करीब 44 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित है। साथ ही वर्ष 2030 तक करीब 200 किलोमीटर मरीन ड्राइव को PPP मोड में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। इसके लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए उद्योगों का विकास जरूरी है और इसमें राज्य के शिक्षित एवं कुशल युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास-सह-सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव-सह-संस्थान की निदेशक डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शरद कुमार यादव समेत कई अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। नए बैच के तीन विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा किए।