पटवा टोली से लेकर शहर के मुख्य इलाकों तक नगर आयुक्त का निरीक्षण, सफाई, लाइट और वेंडिंग जोन पर दिए सख्त निर्देश
Gaya News: गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने जिला उद्योग महाप्रबंधक के साथ मिलकर मानपुर के पटवा टोली क्षेत्र और शहर के कई प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पावरलूम और हैंडलूम क्षेत्र में पहुंचकर बुनकरों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना। नगर आयुक्त ने कहा कि पटवा टोली गयाजी की पहचान है और यहां की व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पटवा टोली में साफ-सफाई की स्थिति देखी। कई जगह नालों के ढक्कन टूटे हुए मिले, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सभी टूटे ढक्कन ठीक कराने का आदेश दिया। साथ ही क्षेत्र में नियमित सफाई कराने और इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश भी दिया।
स्ट्रीट लाइट को लेकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। कई जगह लाइट बंद मिलीं, जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग के पदाधिकारी गौरव सिन्हा को तुरंत सभी खराब लाइट ठीक कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी रोशनी से इलाके की सुरक्षा भी बढ़ेगी और लोगों को सुविधा भी मिलेगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने पटवा टोली स्थित लक्ष्मी पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क के चारों ओर स्ट्रीट लाइट और तिरंगा लाइट लगाने का निर्देश दिया, ताकि पार्क और सुंदर बने और शाम के समय लोगों को बेहतर माहौल मिल सके।
नगर आयुक्त ने शहर के मिर्जा गालिब कॉलेज रोड और आसपास के इलाकों का भी जायजा लिया। उन्होंने मिर्जा गालिब कॉलेज के सामने और नाजरथ स्कूल के पास वेंडिंग जोन बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सभी ठेले वाले निर्धारित जगह पर ही दुकान लगाएंगे, ताकि सड़क पर अतिक्रमण न हो और ट्रैफिक में दिक्कत न आए।
इसके अलावा मिर्जा गालिब गोलंबर से डेल्हा पुल और क्रेन स्कूल रोड तक नए बिजली के पोल लगाने और स्ट्रीट लाइट के जरिए रोशनी मजबूत करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए विद्युत विभाग के साथ तालमेल बनाकर काम करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को तय समय में सभी काम पूरे करने का आदेश देते हुए कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के एई-जेई, लोक स्वच्छता सहायक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के पदाधिकारी गौरव सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।