बिहार के बच्चों की मौज ! 2027 में 69 दिन स्कूल बंद, जून में मिलेगी सबसे लंबी छुट्टी

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर है. शिक्षा विभाग ने वर्ष 2027 की अवकाश तालिका जारी कर दी है
 

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर है. शिक्षा विभाग ने वर्ष 2027 की अवकाश तालिका जारी कर दी है. इसके अनुसार, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में अगले साल कुल 69 दिनों की छुट्टी रहेगी. हालांकि, इनमें नौ रविवार पड़ रहे हैं. इस तरह विद्यार्थियों को कुल 60 दिनों का प्रभावी अवकाश मिलेगा. जून में सबसे लंबी छुट्टी होगी. इस दौरान स्कूल लगातार 20 दिनों तक बंद रहेंगे.

शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2027 के लिए अवकाश तालिका जारी की है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है.

यह अवकाश तालिका राज्य के सभी राजकीय, राजकीयकृत, परियोजना और उत्क्रमित प्रारंभिक विद्यालयों पर लागू होगी. इसके दायरे में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय भी आएंगे. संस्कृत विद्यालयों, उर्दू विद्यालयों और मदरसों को भी इसमें शामिल किया गया है.

वर्ष 2027 में विद्यार्थियों को सबसे लंबी छुट्टी जून में मिलेगी. ग्रीष्मकालीन अवकाश के तहत 2 जून से 21 जून तक स्कूल बंद रहेंगे. यानी लगातार 20 दिनों तक छुट्टी रहेगी. इस अवधि में कबीर जयंती और मुहर्रम भी शामिल हैं.

इसके अलावा दीपावली से छठ पूजा तक 29 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आठ दिनों का अवकाश रहेगा. वहीं, शीतकालीन छुट्टी 25 से 31 दिसंबर तक निर्धारित की गई है. इस दौरान स्कूल सात दिनों तक बंद रहेंगे.

अगस्त में विद्यार्थियों को लगातार तीन दिनों की छुट्टी मिलेगी. 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और हजरत मोहम्मद साहब का जन्म दिवस है. इस दिन रविवार भी पड़ रहा है. इसके बाद 16 अगस्त को अंतिम श्रावणी सोमवार और 17 अगस्त को रक्षाबंधन की छुट्टी रहेगी.

हालांकि, स्वतंत्रता दिवस समेत कुछ विशेष अवसरों पर विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा.

अवकाश तालिका के अनुसार, सभी स्कूलों में वार्षिकोत्सव, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती अनिवार्य रूप से मनाई जाएगी. इन अवसरों पर विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति जरूरी होगी. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही स्कूल में छुट्टी होगी.

सामान्य विद्यालयों में साप्ताहिक अवकाश रविवार को रहेगा. वहीं, उर्दू विद्यालयों में शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी होगी. मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीख चांद दिखने के आधार पर बदल सकती