पटना से बक्सर तक गंगा खतरे के निशान से ऊपर, 32 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

 

Bihar weather report: बिहार में इस बार मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। गुरुवार को जहां राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तपती धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं केवल वाल्मिकीनगर और औरंगाबाद में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि फिलहाल राहत की उम्मीद बनी हुई है, क्योंकि आज यानी शुक्रवार को 32 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

गंगा का जलस्तर बढ़ा, कई जगह कटाव

राजधानी पटना समेत कई इलाकों में नदियों का जलस्तर लगातार चढ़ रहा है। दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह घाट पर गंगा पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुकी है। गांधी घाट और हाथीदह पर पानी का स्तर दो मीटर ऊपर बह रहा है। सोनपुर के सबलपुर गांव में रातभर कटाव से कई घर गंगा में समा गए। आरा और बक्सर-पटना के बीच के इलाके भी बाढ़ के खतरे में हैं।

अगले तीन दिन में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में राज्यभर में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
    •    29 अगस्त को खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर सहित 24 जिलों में बारिश के आसार।
    •    30 अगस्त को किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की संभावना।
    •    31 अगस्त को सीवान, सारण और वैशाली में अलर्ट।
    •    1 सितंबर को पश्चिम चंपारण और भभुआ जिलों में तेज बारिश का अनुमान।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश से उमस और गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों को बाढ़ और कटाव से सतर्क रहने की ज़रूरत है।