गणपतगंज बना आस्था का केंद्र: विशाल शिव गुरु महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, नेपाल से भी पहुंचे श्रद्धालु

 
Bihar news: राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित एक दिवसीय भव्य शिव गुरु महोत्सव में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शिव शिष्या दीदी बरखा आनंद और शिव शिष्य अर्चित आनंद की उपस्थिति रही। उनके प्रवचन और आशीर्वचन को सुनने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे। बताया गया कि सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, रांची सहित पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए विशाल पंडाल का निर्माण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत राघोपुर पुलिस के साथ-साथ आयोजन समिति के सैकड़ों स्वयंसेवक जगह-जगह तैनात रहे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

एक महीने से चल रही थी तैयारी

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस भव्य महोत्सव की तैयारी पिछले एक महीने से चल रही थी। सुपौल जिले के शिव शिष्य परिवार के सैकड़ों सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे थे।

समिति का कहना है कि करीब 20 वर्षों के बाद जिले में इस तरह का विशाल धार्मिक आयोजन हुआ है, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

महोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा दी, बल्कि सामाजिक एकता और समर्पण का भी संदेश दिया।