Gaya Airport News: चार्टर्ड फ्लाइट से बिना वीजा पहुंचे 12 कंबोडियाई यात्री रोके गए, सात महिलाएं भी शामिल – जांच जारी
Gaya News: गया एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कंबोडिया से पहुंचे एक चार्टर्ड विमान में सवार 12 यात्रियों के पास वैध वीजा नहीं पाए गए। कुल 150 यात्रियों के इस जत्थे में से इन 12 को तुरंत इमिग्रेशन टीम ने रोक लिया। रोके गए यात्रियों में 7 महिलाएं और कुछ बौद्ध भिक्षु भी शामिल हैं।
चार्टर्ड फ्लाइट सेवा की शुरुआत, पहली ही उड़ान में गड़बड़ी
जानकारी के मुताबिक, कंबोडिया से गया के लिए हाल ही में चार्टर्ड विमान सेवा शुरू की गई है। इसके तहत गुरुवार को पहली बड़ी संख्या में डेढ़ सौ यात्रियों का आगमन हुआ। इसी दौरान जांच में सामने आया कि 12 यात्रियों के वीजा दस्तावेज अधूरे या अमान्य थे, जिसके बाद उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।
वीजा न होने पर रोके गए 12 यात्री
अधिकारियों के अनुसार,
• इन यात्रियों ने वीजा के लिए आवेदन तो दिया था,
• लेकिन यात्रा शुरू होने से पहले वीजा जारी नहीं हो सका।
यात्रियों ने यही जानकारी एयरपोर्ट अधिकारियों को दी।
फिलहाल 12 यात्रियों को गया एयरपोर्ट परिसर में ही रोका गया है और पूरी जांच तथा पूछताछ जारी है।
एयरपोर्ट प्रशासन कर रहा है विस्तृत जांच
गया एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर अवधेश कुमार ने बताया, “कंबोडिया से आए चार्टर्ड विमान में 12 यात्रियों के वैध दस्तावेज नहीं मिले। सभी को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया है। आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।”
150 यात्रियों को उतारने के बाद चार्टर्ड फ्लाइट वापस कंबोडिया लौट गई। वहीं, वीजा समस्या के कारण रोके गए 12 यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रात गुजारनी पड़ी।
आपको बात दें कि एयरपोर्ट इमिग्रेशन अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। नियमों के मुताबिक यह तय किया जाएगा कि:
• यात्रियों को एंट्री दी जाए,
• या वापस कंबोडिया भेजा जाए।